एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला | हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में होटल कारोबारी के निजी आवास से करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। वारदात फिंगास्क एस्टेट स्थित आवास में सोमवार देर रात हुई। पुलिस ने कारोबारी रेणु बालजीज की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी हुए सामान की कुल कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक होने का दावा किया गया है।
पुलिस को प्रारंभिक जांच में घर में काम करने वाली नौकरानी पर चोरी में शामिल होने का संदेह है। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद से नौकरानी फरार है। पुलिस उसके साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले में घर के आसपास और घटनास्थल से जुड़े सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
खाने में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप
शिकायत के अनुसार, सोमवार देर शाम नौकरानी ने रेणु बालजीज के लिए खाना तैयार किया था। आरोप है कि खाने में किसी नशीले पदार्थ को मिला दिया गया। खाना खाने के बाद रेणु बालजीज बेहोश हो गईं। इसी दौरान घर की अलमारियों के ताले तोड़कर आभूषण और नकदी चोरी कर ली गई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात में नौकरानी के साथ तीन युवकों के शामिल होने का संदेह है। आरोप है कि सभी आरोपी चोरी का सामान लेकर मौके से फरार हो गए। मंगलवार सुबह जब रेणु बालजीज को होश आया तो उन्होंने बेडरूम की अलमारियों का सामान बिखरा हुआ देखा। जांच करने पर घर से बड़ी मात्रा में गहने और नकदी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने कर्मचारियों और परिजनों को मामले की जानकारी दी। मंगलवार शाम सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया।
