एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
गॉर्टन मिशन स्कूल कोटगढ़ में वार्षिक दिवस समारोह हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। समारोह में डीएसपी आनी राजीव मेहता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में स्कूल के जूनियर सेक्शन के विद्यार्थियों ने मनमोहक रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। चंबा नृत्य और महिला सशक्तिकरण पर आधारित संगीतमय प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मिडिल सेक्शन के विद्यार्थियों ने ‘सोने की चिड़िया’ कहे जाने वाले भारत की खुशहाली, गुलामी और स्वतंत्रता संघर्ष की कहानी को नाटिका के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

जूनियर और सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने डंबल और जिमनास्टिक में रोमांचक करतब दिखाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। वहीं, सीनियर वर्ग की छात्राओं ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ पर कथक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी, जो समारोह के मुख्य आकर्षणों में रही।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि राजीव मेहता ने विभिन्न प्रतियोगिताओं और शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए। अंतर-सदन प्रतियोगिताओं में क्रॉस कंट्री, सीनियर सोशल साइंस क्विज और अकादमिक प्रतियोगिताओं में टैगोर सदन ने ट्रॉफी हासिल की। भाषण, बास्केटबॉल और कॉमर्स क्विज में इकबाल सदन, हिंदी भाषण प्रतियोगिता में दीनबंधु सदन तथा बैडमिंटन, साइंस क्विज, वॉलीबॉल, हिंदी एवं अंग्रेजी कविता पाठ, एथलेटिक्स और रस्साकशी में सरोजिनी सदन विजेता रहा। सरोजिनी सदन ने सर्वश्रेष्ठ सदन की ट्रॉफी अपने नाम की। बेस्ट एथलीट का पुरस्कार वानी वर्मा और दक्ष शर्मा को प्रदान किया गया।
समारोह में सत्र 2025-26 के लिए विद्यार्थियों को शैक्षणिक पुरस्कार भी दिए गए। आईएसई की वार्षिक परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर आराध्या ग्रेक तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर मन्नत ठाकुर को सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रत्येक कक्षा में उत्तम आचरण के लिए विद्यार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अंत में स्कूल की प्रधानाचार्य रोहिणी मिन्हास ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी। मुख्य अतिथि राजीव मेहता ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
