एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
दि बुशहर ऑटो ऑपरेटर यूनियन रामपुर की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। यूनियन की आम सभा में लिए गए निर्णय के बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू करने की तिथियां निर्धारित की गई हैं। नई कार्यकारिणी के लिए 12 अक्टूबर को मतदान होगा।
यूनियन के कार्यकारी महासचिव मस्त राम कश्यप ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 4 और 5 अक्टूबर को होगी। इच्छुक पात्र सदस्य सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक यूनियन कार्यालय खनेरी में नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक की जाएगी। इसके बाद निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। नई कार्यकारिणी के लिए 12 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। मतदान यूनियन कार्यालय खनेरी में करवाया जाएगा। मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू की जाएगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
गौरतलब है कि 19 सितंबर को मिनी सचिवालय रामपुर के सभागार में यूनियन की आम सभा आयोजित की गई थी। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने नई कार्यकारिणी के गठन के लिए लोकतांत्रिक एवं निष्पक्ष चुनाव करवाने का निर्णय लिया था। इसी निर्णय के तहत अब चुनाव कार्यक्रम जारी किया गया है।
यूनियन ने सभी पात्र सदस्यों से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है। साथ ही चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण, अनुशासित और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने का आग्रह किया गया है। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाया जाएगा।
