एआरबी टाइम्स ब्यूरो, सिरमौर | हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में रविवार देर रात हुए सड़क हादसे ने क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। पुराने यमुना पुल पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार तीन लोगों की जान चली गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह दब गया और दो लोग अंदर ही फंस गए।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया। काफी प्रयास के बाद कार में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला गया। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। उस समय कमरऊ खजियार निवासी अनिल चौहान पुराने यमुना पुल से गुजर रहे थे। पुल के बीच उन्होंने क्षतिग्रस्त हालत में एक कार देखी।
हादसे के बाद कार में तीन लोग मौजूद थे। इनमें तरसेम नेगी चालक की सीट पर, अमित अगली सीट पर और सोनू सिवाच पीछे बैठे थे। दुर्घटना के कारण कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। तरसेम नेगी और अमित को वाहन से निकालने में पुलिस व स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने कार की अगली खिड़कियों को खोलकर दोनों को बाहर निकाला। वहीं सोनू सिवाच को भी एंबुलेंस से पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
डंपर से पीछे से टकराने की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि कार आगे चल रहे डंपर से पीछे से टकराई। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन दुर्घटना के सही कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चलेगा। पुलिस ने दुर्घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और मौके से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस वाहनों की स्थिति, टक्कर के कारण और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है। पुराने यमुना पुल पर हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
