एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
बुशहर ऑटो ऑपरेटर यूनियन, रामपुर बुशहर के चुनाव सोमवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। चुनाव में गोपाल सिंह ने प्रधान पद पर जीत हासिल की, जबकि कालीचरण महासचिव निर्वाचित हुए। यूनियन की शेष कार्यकारिणी का चुनाव पहले ही निर्विरोध संपन्न हो चुका था।
यूनियन के कुल 70 सदस्यों में से 59 सदस्यों ने मतदान में भाग लिया। प्रधान पद के लिए गोपाल सिंह और ओम प्रकाश के बीच सीधा मुकाबला हुआ। इसमें गोपाल सिंह को 32 मत मिले, जबकि ओम प्रकाश को 23 मत प्राप्त हुए। मतदान के दौरान चार मत अवैध घोषित किए गए। इस तरह गोपाल सिंह ने नौ मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
वहीं, महासचिव पद के लिए कालीचरण और मस्त राम आमने-सामने थे। इस मुकाबले में कालीचरण को 32 मत मिले, जबकि मस्त राम को 25 मत प्राप्त हुए। इस पद के लिए दो मत अवैध घोषित किए गए। कालीचरण ने भी 7 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
सोमवार सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक खनेरी स्थित यूनियन कार्यालय में मतदान प्रक्रिया चली। अधिकृत चुनाव अधिकारियों की देखरेख में मतदान करवाया गया। मतदान संपन्न होने के बाद शाम करीब चार बजे चुनाव परिणाम घोषित किए गए।
चार पदाधिकारी पहले ही निर्विरोध चुने गए
यूनियन की कार्यकारिणी के चार पदों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका था। इनमें विश्वनाथ को चेयरमैन, अरुण रस्तोगी को उपप्रधान, विजय जोशी को सहसचिव और रविंद्र कुमार को कोषाध्यक्ष चुना गया। इन पदों के लिए किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया था।
