एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जीबी पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर के ओल्ड ब्लॉक की मरम्मत का कार्य शुरू न होने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने नाराजगी जताई है। परिषद ने महाविद्यालय प्रशासन और स्थानीय प्रशासन पर आश्वासन के बावजूद कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए जल्द मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की है। साथ ही मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
विद्यार्थी परिषद के अनुसार, जुलाई माह में ओल्ड ब्लॉक की मरम्मत की मांग को लेकर भवन की तालाबंदी की गई थी। उस समय रामपुर के स्थानीय प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद तालाबंदी खोली गई थी। परिषद का कहना है कि उस दौरान प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया था कि सितंबर माह के अंत तक मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि, 15 अक्टूबर तक भी मरम्मत कार्य शुरू नहीं होने से विद्यार्थी परिषद में रोष है। परिषद ने सवाल उठाया कि जब प्रशासन की ओर से समयसीमा तय की गई थी, तो उसके बावजूद कार्य शुरू करने की दिशा में कदम क्यों नहीं उठाए गए।
विद्यार्थी परिषद के संयोजक रवि वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ओल्ड ब्लॉक की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो महाविद्यालय प्रशासन और रामपुर के स्थानीय प्रशासन को परिषद के उग्र आंदोलन का सामना करना पड़ेगा। परिषद ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए मरम्मत कार्य जल्द शुरू करवाया जाए, ताकि विद्यार्थियों की समस्या का समाधान हो सके।
