एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बायोलिया बाईपास के पास एक कार से करीब 6 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में 33 वर्षीय सुरेन्द्र ठाकुर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना ईस्ट शिमला की टीम को गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने बायोलिया बाईपास रोड के पास एक कार को रोककर तलाशी ली। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई तलाशी के दौरान कार की आगे वाली यात्री सीट के नीचे रखे फुटमैट से करीब 6 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सुरेन्द्र ठाकुर पुत्र अमर सिंह ठाकुर, निवासी चामियाणा, शिमला के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस थाना ईस्ट शिमला में 18 अक्तूबर 2026 को एफआईआर संख्या 99/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में पुलिस की आगामी जांच जारी है।
