एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के उपलक्ष्य में रामपुर के पदम स्कूल में रविवार को तीन दिवसीय बुशहर बॉक्सिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के लगभग 300 खिलाड़ियों की भागीदारी प्रस्तावित है। हिमाचल प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव एवं अंतरराष्ट्रीय रेफरी सुरेंद्र शांडिल ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।

अंतरराष्ट्रीय लवी मेला समिति और बुशहर बॉक्सिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चैंपियनशिप में अंडर-14 पुरुष वर्ग के साथ अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला मुक्केबाज हिस्सा ले रहे हैं। मुकाबले अलग-अलग भार वर्गों में करवाए जाएंगे। प्रतियोगिता के तहत अंडर-14 वर्ग में 14, अंडर-17 में 12 और अंडर-19 वर्ग में 11 श्रेणियों में खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा होगी।
उद्घाटन समारोह में हिमाचल प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के सहायक सचिव संतोष कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अशोक नेगी, देविंद्र पांडे और डॉ. सुंदर सिंह टैगोर भी समारोह में शामिल हुए। बुशहर बॉक्सिंग क्लब के अध्यक्ष तिलक राज शर्मा ने मुख्य अतिथि का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। क्लब की ओर से अन्य अतिथियों को भी सम्मानित किया गया।
तिलक राज शर्मा ने कहा कि रामपुर क्षेत्र में बॉक्सिंग के प्रति युवाओं की दिलचस्पी बढ़ रही है। वर्तमान में करीब 300 बच्चे इस खेल का प्रशिक्षण ले रहे हैं। क्षेत्र के कई मुक्केबाज राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन उभरते खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का अनुभव देने और उनकी प्रतिभा निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्य अतिथि सुरेंद्र शांडिल ने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से बॉक्सिंग सहित अन्य खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। शांडिल वर्ष 1998 से रामपुर क्षेत्र में युवाओं को बॉक्सिंग का प्रशिक्षण दे रहे हैं।
