एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर उपमंडल के पंद्रहबीश क्षेत्र से होकर जाने वाले फांचा मार्ग से श्रीखंड महादेव यात्रा दोबारा शुरू होने की उम्मीदें एक बार फिर बढ़ गई हैं। शुक्रवार सुबह फांचा गांव से सात सदस्यीय संयुक्त निरीक्षण दल श्रीखंड महादेव मार्ग का जायजा लेने के लिए रवाना हुआ। यह निरीक्षण मार्ग की मौजूदा स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और यात्रा संचालन की संभावनाओं का आकलन करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
निरीक्षण दल में अटल मॉनिटरिंग टीम के चार सदस्य, क्षेत्र के दो प्रशिक्षित स्थानीय युवक तथा वन विभाग का एक कर्मचारी शामिल हैं। टीम पूरे मार्ग का विस्तृत निरीक्षण करेगी और उन सभी बिंदुओं का मूल्यांकन करेगी, जो यात्रा के सुरक्षित संचालन के लिए आवश्यक हैं।निरीक्षण के दौरान मार्ग की भौतिक स्थिति, संभावित भूस्खलन वाले क्षेत्र, श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए उपलब्ध सुविधाएं, सुरक्षा प्रबंध और स्वच्छता व्यवस्था का विशेष रूप से आकलन किया जाएगा। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि किन स्थानों पर मरम्मत, अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम या अन्य सुधार कार्यों की आवश्यकता है।
फांचा मार्ग से श्रीखंड महादेव यात्रा पिछले कई वर्षों से बंद पड़ी है। इस मार्ग को दोबारा खोलने की मांग स्थानीय ग्रामीण लगातार उठाते रहे हैं। ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन और सरकार से इस ऐतिहासिक मार्ग को यात्रा के लिए पुनः बहाल करने की गुहार लगाई है, ताकि श्रद्धालुओं के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों को भी इसका लाभ मिल सके। अब प्रशासन और संबंधित विभागों की निगाहें निरीक्षण टीम की रिपोर्ट पर टिकी हैं। यदि रिपोर्ट सकारात्मक रहती है और मार्ग को सुरक्षित पाया जाता है, तो फांचा मार्ग से श्रीखंड महादेव यात्रा दोबारा शुरू किए जाने की संभावना मजबूत हो सकती है। इससे लंबे समय से इस मार्ग के खुलने का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि खराब मौसम और पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बदलती परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन यात्रा संचालन को लेकर पूरी सतर्कता बरत रहा है। इसी कारण किसी भी निर्णय से पहले सुरक्षा मानकों की विस्तृत जांच की जा रही है।
एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि फांचा मार्ग से श्रीखंड महादेव यात्रा शुरू करने का निर्णय पूरी तरह निरीक्षण टीम की रिपोर्ट पर निर्भर करेगा। रिपोर्ट मिलने के बाद सभी पहलुओं की समीक्षा कर ही अंतिम फैसला लिया जाएगा।
