एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा-2026 के समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए देवी-देवताओं के नजराने में 5 प्रतिशत और बजंतरियों के मानदेय में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की। उन्होंने देवताओं के मुख्य गूर को 1,100 रुपये की सम्मान राशि देने तथा भुंतर में विद्युत सब-डिवीजन खोलने का भी ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने कुल्लू जिले के लेफ्ट बैंक को जोड़ने के लिए करीब 5 करोड़ रुपये और मणिकर्ण सड़क निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा की। भुंतर में सीवरेज प्रणाली के निर्माण के लिए 22 करोड़ रुपये, विद्युत कमांड-बारा मार्ग के लिए 50 लाख रुपये तथा बजौरा स्कूल में विज्ञान भवन के निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा भी की। दशहरा उत्सव में भाग लेने वाले महिला मंडलों को 35-35 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुल्लू जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्तियां की जाएंगी। अस्पताल में आधुनिक तकनीक की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पर्याप्त धनराशि दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में अदरक का न्यूनतम समर्थन मूल्य जल्द बढ़ाकर 40 रुपये करने की घोषणा की गई, जिससे ग्रामीणों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 की आपदा में कुल्लू जिले को भारी नुकसान हुआ था। प्रदेश सरकार ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए गृह निर्माण अनुदान को डेढ़ लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये किया है। उन्होंने कहा कि सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने और शिक्षा व स्वास्थ्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि कुल्लू दशहरा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है और इसे हर वर्ष और बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल्लू कार्निवाल को हरी झंडी दिखाई, जिसमें 600 से अधिक महिलाओं और कलाकारों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में विधायक सुंदर सिंह ठाकुर और भुवनेश्वर गौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में भुट्टी विवर्स सांस्कृतिक दल को प्रथम, सूत्रधार कला संगम को द्वितीय और युवा कला मंच को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
