कुल्लू | हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के तत्वावधान में 12 दिसंबर 2026 को जिला न्यायालय कुल्लू सहित मनाली और बंजार न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न श्रेणियों के लंबित मामलों का आपसी सहमति के आधार पर निपटारा किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुल्लू के सचिव ने बताया कि लोक अदालत में दुर्घटना क्लेम, श्रम विवाद, बिजली और पानी के बिल, भूमि विवाद, बैंक संबंधी मामले, वैवाहिक विवाद तथा कम राशि के चेक से जुड़े लेन-देन के मामलों की सुनवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त मोटर वाहन लोक अदालत भी आयोजित होगी, जिसमें मोटर वाहन चालानों से संबंधित मामलों का निपटारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उपरोक्त श्रेणियों से संबंधित जिन लोगों के मामले न्यायालयों में लंबित हैं, वे अपने मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में लगवा सकते हैं। लोक अदालत में दोनों पक्षों की आपसी सहमति से विवादों का समाधान किया जाता है, जिससे मामलों का त्वरित निपटारा संभव हो पाता है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से राष्ट्रीय लोक अदालत की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। लोक अदालत से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुल्लू के दूरभाष नंबर 01902-222378 पर संपर्क किया जा सकता है।
