एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में इस वर्ष खेल गतिविधियों को विस्तार देते हुए पहली बार रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला एवं स्थानीय प्रशासन की इस पहल में रामपुर और ननखड़ी विकास खंड की करीब 32 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच जोरदार मुकाबले देखने को मिले। रस्साकशी के रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को भी खूब आकर्षित किया।
प्रतियोगिता में ज्यूरी की टीम ने बेहतरीन तालमेल, ताकत और रणनीति का परिचय देते हुए पहला स्थान हासिल किया। विजेता ज्यूरी टीम को 1,11,111 रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, रूनपू की टीम उपविजेता रही। टीम को 51,051 रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य वन संरक्षक ताशीलदार ने किया। इस दौरान जिला वन अधिकारी गुर हर्ष सिंह विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। प्रतियोगिता में शामिल टीमों ने पूरे उत्साह के साथ मुकाबलों में भाग लिया। खिलाड़ियों के बीच जीत के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला।
समापन समारोह में एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर मिलते हैं। साथ ही युवाओं में शारीरिक क्षमता, अनुशासन, आपसी तालमेल और टीम भावना को भी बढ़ावा मिलता है।
लवी मेले में पहली बार आयोजित रस्साकशी प्रतियोगिता को मिली भागीदारी और दर्शकों के उत्साह ने इसे आकर्षण का नया केंद्र बना दिया। प्रशासन की इस पहल से मेले में खेल गतिविधियों को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
