एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
हिमाचल प्रदेश की सदियों पुरानी व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक अंतरराष्ट्रीय लवी मेला बुधवार को रामपुर बुशहर के पाटबंगला मैदान में शुरू हो गया। चार दिनों तक चलने वाले इस ऐतिहासिक मेले का शुभारंभ प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने किया। इस दौरान उन्होंने किन्नौरी मार्केट का उद्घाटन करने के साथ विभिन्न विभागों की ओर से स्थापित प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया। मेले में पहुंचने पर उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।
राज्यपाल ने किन्नौरी मार्केट में विभिन्न स्टॉलों पर प्रदर्शित स्थानीय उत्पादों को देखा और व्यापारियों से उनके कारोबार तथा उत्पादों की विशेषताओं के बारे में जानकारी ली। किन्नौरी वस्त्रों, हस्तशिल्प और पारंपरिक सामग्री में उन्होंने विशेष दिलचस्पी दिखाई। इसके बाद उन्होंने विभागीय प्रदर्शनियों का जायजा लेकर सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विभागों की उपलब्धियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

स्थानीय उत्पादों को मिले बेहतर बाजार
इस अवसर पर राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय लवी मेले जैसे आयोजन केवल व्यापार और खरीदारी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये स्थानीय लोगों की आजीविका को मजबूत करने और युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करने का माध्यम भी हैं। प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध करवाने की दिशा में ऐसे मेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि स्थानीय कारीगरों, उत्पादकों और व्यापारियों को अपने हुनर तथा उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिलना चाहिए, ताकि वे आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, रीति-रिवाजों और पारंपरिक संस्कारों को सहेजकर रखने का आह्वान किया। कहा कि किसी भी समाज की असली पहचान उसकी संस्कृति और परंपराओं से होती है। इन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्राकृतिक संपदा को बचाने की भी अपील
राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरणीय संपदा का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास के साथ प्रकृति का संतुलन बनाए रखना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने मेले में आने वाले लोगों और व्यापारियों से स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा प्लास्टिक के इस्तेमाल से परहेज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

राज्यपाल ने अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और स्थानीय संगठनों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के निरंतर विकास, सुख-शांति और समृद्धि की कामना भी की।
सदियों पुराने व्यापारिक संबंधों की जीवंत विरासत है लवी मेला
रामपुर बुशहर का अंतरराष्ट्रीय लवी मेला अपनी ऐतिहासिक और व्यापारिक पहचान के लिए देश-विदेश में जाना जाता है। इस मेले की जड़ें रामपुर, किन्नौर और तिब्बत के बीच सदियों पहले स्थापित व्यापारिक संबंधों से जुड़ी हैं। पुराने समय में यह मेला ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों और सीमावर्ती इलाकों के व्यापारियों के मिलने तथा वस्तुओं के आदान-प्रदान का प्रमुख केंद्र हुआ करता था। समय के साथ व्यापार के तौर-तरीके बदले, लेकिन मेले की ऐतिहासिक पहचान और पारंपरिक महत्व आज भी बरकरार है।
हर वर्ष यहां किन्नौर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों और बाहरी राज्यों से व्यापारी, कारीगर, किसान, बागवान और पर्यटक पहुंचते हैं। ऊनी वस्त्रों, किन्नौरी शॉल, हस्तशिल्प और पहाड़ी क्षेत्रों के पारंपरिक उत्पादों की खरीदारी मेले का प्रमुख आकर्षण रहती है। इस बार भी आगामी चार दिनों तक पाटबंगला मैदान में व्यापारिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न आयोजन मेले की रौनक बढ़ाएंगे।
इस अवसर पर राज्यपाल की धर्मपत्नी बिंदु गुप्ता, मेला कमेटी अध्यक्ष एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, एसजेवीएन झाकड़ी परियोजना प्रमुख राजीव कपूर, एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष करण शर्मा, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रभा नेगी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, डीडी कश्यप सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
