एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अंतरराष्ट्रीय लवी मेला 2026 की चारों सांस्कृतिक संध्याओं के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में उपमंडल प्रशासन की ओर से पुलिस उप अधीक्षक, रामपुर बुशहर को पत्र भेजकर मंच और बैकस्टेज क्षेत्र में प्रवेश करने वाले कलाकारों, गायकों, उनके साथ आने वाले व्यक्तियों तथा अन्य प्रतिभागियों की पहचान और सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
पत्र के माध्यम से कहा गया है कि 11 से 14 नवंबर तक आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं के दौरान मंच और बैकस्टेज क्षेत्र के प्रवेश द्वारों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। मंच पर जाने से पहले प्रत्येक कलाकार और प्रतिभागी की पहचान की जांच की जाए तथा उनका नाम आयोजन समिति की ओर से उपलब्ध करवाई गई अधिकृत सूची से मिलाया जाए। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों की एल्कोहल टेस्टिंग मशीन और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर अथवा डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) के माध्यम से आवश्यक सुरक्षा जांच करने को कहा गया है। यह भी स्पष्ट किया गया है कि बिना अनुमति किसी भी व्यक्ति को मंच या बैकस्टेज क्षेत्र में प्रवेश न दिया जाए।
पुलिस प्रशासन से सांस्कृतिक कार्यक्रम समिति के साथ समन्वय स्थापित कर प्रवेश व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने और सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सुरक्षित एवं सुचारू आयोजन सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
