एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के दौरान स्थानीय कर्मचारियों को अवकाश का लाभ दिलाने के लिए बुशहर शिक्षक संघ ने 13 नवंबर को रामपुर उपमंडल में स्थानीय अवकाश घोषित करने की मांग की है। संघ ने इस संबंध में प्रशासन से हस्तक्षेप कर आवश्यक आदेश जारी करने का आग्रह किया है।
संघ के अध्यक्ष डॉ. एसएस टैगोर ने उपमंडलाधिकारी रामपुर को दिए ज्ञापन में कहा है कि लवी मेले के उपलक्ष्य में पहले 11 नवंबर को स्थानीय अवकाश निर्धारित किया गया था, लेकिन इसी दिन प्रदेश सरकार की ओर से पूरे हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया। इसके चलते रामपुर क्षेत्र के कर्मचारियों को मेले के लिए निर्धारित स्थानीय अवकाश का अतिरिक्त लाभ नहीं मिल सका।
संघ का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय लवी मेला केवल एक व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि बुशहर की सदियों पुरानी सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और सामाजिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण उत्सव है। इसमें स्थानीय लोगों के साथ-साथ सरकारी कर्मचारी भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। ऐसे में स्थानीय अवकाश का उद्देश्य पूरा करने के लिए इसकी तिथि में बदलाव जरूरी है।
डॉ. टैगोर ने प्रशासन से आग्रह किया है कि कर्मचारियों की सुविधा और मेले के महत्व को देखते हुए 11 नवंबर के स्थान पर 13 नवंबर को रामपुर उपमंडल के सरकारी कार्यालयों में स्थानीय अवकाश घोषित किया जाए। अब इस मांग पर प्रशासन के निर्णय का इंतजार है।
