एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अंतरराष्ट्रीय लवी मेला 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित उपमंडल स्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को शनिवार को बुशहर रिजेंसी होटल रामपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया। उपायुक्त एवं अंतरराष्ट्रीय लवी मेला समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने विभिन्न वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार राशि एवं सम्मान प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके विचारों, अनुभवों और रचनात्मक गतिविधियों के बारे में भी जानकारी ली।
उल्लेखनीय है कि 5 नवंबर, 2026 को आयोजित इस प्रतियोगिता के लिए शिक्षा खंड ननखड़ी से 120, रामपुर से 79, सराहन से 46 तथा महाविद्यालय वर्ग से 4 सहित कुल 249 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया था। इनमें से 188 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
कनिष्ठ वर्ग के विजेता
कनिष्ठ हिंदी वर्ग में सनशाइन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर की योवेला देवयानी ने प्रथम, साई विद्या पब्लिक स्कूल रामपुर की प्रियंशी ने द्वितीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किन्नू की साक्षी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कनिष्ठ अंग्रेजी वर्ग में डीएवी पब्लिक स्कूल दत्तनगर की निधि ठाकुर प्रथम, स्प्रिंगडेल स्कूल रामपुर की अंशिका पलसरा द्वितीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिंगला की रिधिका तृतीय स्थान पर रहीं।
वरिष्ठ वर्ग के विजेता
वरिष्ठ हिंदी वर्ग में सनशाइन पब्लिक स्कूल रामपुर के स्वरित ठाकुर ने प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रचोली की इशिता ने द्वितीय तथा शिवालिक पब्लिक स्कूल झाकड़ी की विशाखा आर्यवंशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वरिष्ठ अंग्रेजी वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गानवी की कविता मल्होत्रा ने प्रथम, डीएवी पब्लिक स्कूल दत्तनगर की अर्चि पॉल ने द्वितीय तथा स्प्रिंगडेल स्कूल रामपुर की आरना ने तृतीय स्थान हासिल किया।
महाविद्यालय वर्ग के प्रतिभागियों को भी मिला पुरस्कार
महाविद्यालय वर्ग में मेहक, सारिका एवं संध्या (बीए द्वितीय वर्ष) तथा स्नेहा (बीए तृतीय वर्ष) को समान रूप से 2,500 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
प्रतियोगिता के कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 15,000 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को 10,000 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को 5,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर उपायुक्त अनुपम कश्यप ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में लेखन कौशल, रचनात्मक सोच और अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ साहित्यिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, उपमंडलाधिकारी नागरिक रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह, सहायक आयुक्त राजस्व एवं तहसीलदार रामपुर योगेश कुमार तथा सहायक आयुक्त (विकास) एवं खंड विकास अधिकारी ननखड़ी मनोज कुमार भी उपस्थित रहे।
