एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जिले में एचआईवी, सिफलिस एवं हेपेटाइटिस-बी के नियंत्रण के लिए राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) द्वारा निर्धारित 95:95:99 लक्ष्यों को 1 दिसंबर, 2026 तक हर हाल में हासिल करने के निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त ने ‘एड्स सुरक्षा हेतु जन-सक्रियता अभियान’ (एमएएस) एवं राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति के साथ-साथ एचआईवी, सिफलिस एवं हेपेटाइटिस-बी के मां से शिशु में संक्रमण की रोकथाम और त्रिस्तरीय संक्रमण उन्मूलन की स्थिति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा तक लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रभावी एवं परिणामोन्मुख कार्ययोजना तैयार कर उसे धरातल पर सख्ती से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के क्रियान्वयन में सामने आ रही कमियों की समय रहते पहचान कर उन्हें दूर किया जाए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि नाको ने निर्धारित लक्ष्यों की उपलब्धियों के आधार पर जिलों को चार श्रेणियों- ‘सुरक्षित प्लस’, ‘सुरक्षित’, ‘सक्षम’ और ‘संघर्षशील’ में वर्गीकृत किया है। अप्रैल 2026 तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कुल्लू जिला वर्तमान में ‘संघर्षशील’ श्रेणी में शामिल है।
उपायुक्त ने कहा कि जिले को ‘सुरक्षित’ और उसके बाद ‘सुरक्षित प्लस’ श्रेणी में पहुंचाने के लिए मिशन मोड में कार्य करना होगा। उन्होंने प्रसव पूर्व देखभाल (एएनसी) के तहत सभी गर्भवती महिलाओं की एचआईवी, सिफलिस एवं हेपेटाइटिस-बी की शत-प्रतिशत जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मां से शिशु में संक्रमण के मामलों को समाप्त किया जा सके।
उन्होंने कहा कि एड्स की रोकथाम, जांच, उपचार एवं देखभाल से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाएं जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाई जाएं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और संबंधित संस्थाएं आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ पहुंच सके।
बैठक के दौरान जिला स्वास्थ्य कार्यक्रम अधिकारी कुल्लू डॉ. सुरेश ने राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं और जिले में इसकी प्रगति को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी।
