एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
नगर परिषद रामपुर बुशहर ने शहर के मुख्य बाजार में लंबे समय से बनी बिजली और संचार तारों के जंजाल की समस्या को दूर करने के लिए पहल शुरू की है। इसको लेकर नगर परिषद अध्यक्ष की अध्यक्षता में विद्युत विभाग, बीएसएनएल, एयरटेल, फास्टवे सहित बाजार में केबल और तारें बिछाने वाली विभिन्न एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाजार में फैली अनावश्यक और अनुपयोगी तारों को हटाने, तारों की छंटाई करने तथा शेष तारों को व्यवस्थित तरीके से लगाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सभी संबंधित विभागों और कंपनियों के प्रतिनिधियों ने इस कार्य में सहयोग देने का आश्वासन दिया। नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि रामपुर बाजार को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ तारों के जंजाल को कम करना भी प्राथमिकताओं में शामिल है। इस कार्य को एक साथ पूरा करना संभव नहीं है, इसलिए इसे चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। इसके लिए प्रारंभिक कार्ययोजना और रूपरेखा तैयार कर ली गई है तथा उपलब्ध बजट और संसाधनों के अनुसार कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस कार्य में समय लग सकता है, लेकिन अच्छी बात यह है कि पहल शुरू हो चुकी है। सभी संबंधित विभागों और कंपनियों से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की गई, ताकि बाजार के व्यापारियों और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इंदिरा मार्केट और सब्जी मंडी का किया निरीक्षण
नगर परिषद अध्यक्ष ने इंदिरा मार्केट, इंदिरा मार्केट पार्किंग और सब्जी मंडी क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई व्यवस्था, रास्तों की स्थिति और सुचारू आवागमन से जुड़ी समस्याओं का जायजा लिया गया। स्थानीय लोगों और व्यापारियों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
सब्जी मंडी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुधारों को लेकर संबंधित एपीएमसी विभाग को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में स्वच्छता और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित हो सकें।
नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि रामपुर शहर के विकास और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए हर जरूरी विषय को प्राथमिकता से उठाया जा रहा है। उद्देश्य केवल समस्याओं पर चर्चा करना नहीं, बल्कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर उनका स्थायी समाधान करना है। उन्होंने शहर को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों, व्यापारियों और आम जनता से सहयोग की अपील की।
