एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
जिला स्तरीय सलाहकार एवं समीक्षा समिति की सितंबर 2026 तिमाही की बैठक उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला बचत भवन कुल्लू में आयोजित की गई। बैठक में बैंकिंग योजनाओं, ऋण वितरण, वित्तीय साक्षरता और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी बैंकों से आग्रह किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान तेज करें। उन्होंने विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समय-समय पर वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। बैंक अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर बैंकिंग योजनाओं, ऋण लेने की प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने को कहा। महिला सशक्तिकरण और युवाओं के उद्यमिता विकास पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता जताई।
डीसी ने बैंकों को गुणवत्ता के आधार पर अधिक से अधिक ऋण वितरित करने, वार्षिक लक्ष्यों को पूरा करने और ऋण जमा अनुपात में लगातार वृद्धि करने के निर्देश दिए। बैंकों की अनर्जक आस्तियों (एनपीए) पर चिंता जताते हुए उन्होंने ऋण वसूली में प्रशासन की ओर से सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा ऋण लेने के पात्र विद्यार्थियों को राज्य सरकार की वाईएस परमार शिक्षा ऋण योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रयास करने को कहा, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिल सके।
बैठक में बताया गया कि 30 सितंबर 2026 तक जिले में बैंकों की कुल जमा राशि 11,978.36 करोड़ रुपये और ऋण 5,621.46 करोड़ रुपये रहा। ऋण जमा अनुपात 46.93 प्रतिशत दर्ज किया गया।
अग्रणी जिला प्रबंधक राजेंद्र कुमार ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही तक कुल 1,919.98 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए, जो वार्षिक लक्ष्य का 49.20 प्रतिशत है। बैठक में डीडीएम नाबार्ड अनीता ठाकुर सहित विभिन्न विभागों, बैंकों और संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
