Solan: मुख्यमंत्री ने सोलन को दी विकास परियोजनाओं की सौगात, मॉडल करियर सेंटर सहित चार परियोजनाओं का लोकार्पण

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

सोलन। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोलन जिला के जटोली में 5.32 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित मॉडल करियर सेंटर का उद्घाटन किया। यह केंद्र युवाओं को रोजगार से जुड़ी आधुनिक व समसामयिक जानकारी तथा मार्गदर्शन प्रदान करेगा। इसमें करियर परामर्श, स्किल मैपिंग, साक्षात्कार की तैयारी, और सरकारी व निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने इसे युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार का अहम कदम बताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 2.27 करोड़ रुपये की लागत से आबकारी एवं कराधान विभाग के नवनिर्मित कार्यालय का भी लोकार्पण किया। इस नए भवन से विभाग की दो शाखाओं के पुनर्गठन के बाद कर्मचारियों को बेहतर कार्यस्थल और आमजन को सुविधाजनक बैठने की व्यवस्था मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने नगर निगम सोलन द्वारा 44.99 लाख रुपये की लागत से निर्मित एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) सेंटर का भी उद्घाटन किया। यह सेंटर आवारा कुत्तों की संख्या को वैज्ञानिक तरीके से नियंत्रित करने में सहायक होगा, जहां आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

इसके साथ ही 53 लाख रुपये की लागत से तैयार ‘सोलन वाटिका पार्क’ का भी लोकार्पण किया गया। यह पार्क शहर में हरियाली बढ़ाने और स्थानीय नागरिकों व पर्यटकों के मनोरंजन का नया केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री ने पार्क परिसर में अर्जुन का पौधा भी रोपित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं सोलन के नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक और समृद्ध बनाएंगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने इन परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में सोलन क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है।

इस अवसर पर विधायक राम कुमार चौधरी, बावा हरदीप सिंह, सुरेश कुमार, बघाट को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष अरुण शर्मा, जोगिंद्रा सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, महापौर उषा शर्मा, कांग्रेस नेता सुरेंद्र सेठी और शिव कुमार, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *