एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के गैर शिक्षक कर्मचारी संगठन ने विश्वविद्यालय में विभिन्न श्रेणियों और वर्गों के करीब 415 स्वीकृत रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग को लेकर एक मांग पत्र मुख्यमंत्री को प्रेषित किया है। यह पत्र पंचायत राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री महोदय को सौंपा गया है।
संगठन ने पत्र में अवगत करवाया कि वर्ष 2020 व 2021 में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा गैर शिक्षक वर्ग के लगभग 274 स्वीकृत रिक्त पदों को विज्ञापित किया गया था, किंतु बार-बार आग्रह और आश्वासनों के बावजूद आज तक इन पदों को नहीं भरा गया है। इससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है और विशेषकर आरंभिक श्रेणी के कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार का बोझ बढ़ता जा रहा है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि गैर शिक्षक वर्ग की उपेक्षा करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने शिक्षकों के लगभग 250-300 पदों को न केवल विज्ञापित किया, बल्कि अधिकांश पदों पर नियुक्तियां भी की जा चुकी हैं, जबकि पुनः नए शिक्षक पदों को भी विज्ञापित किया गया है। यह स्थिति गैर शिक्षक वर्ग के साथ स्पष्ट भेदभाव को दर्शाती है, जोकि न्यायसंगत नहीं है।
संगठन ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि विश्वविद्यालय में गैर शिक्षक वर्ग के सभी विज्ञापित पदों के साथ-साथ वर्तमान में स्वीकृत लगभग 415 रिक्त पदों को शीघ्र भरने की दिशा में उचित कार्रवाई की जाए, ताकि कर्मचारियों का मनोबल बढ़े और शिक्षित बेरोजगार युवाओं को भी रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।
