एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की रामपुर इकाई की ओर से स्टूडेंट्स फॉर डेवलपमेंट (एसएफडी) और सुनील उपाध्याय एजुकेशन ट्रस्ट के सहयोग से नौगली क्षेत्र में पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं और स्थानीय युवाओं ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
एबीवीपी के उपाध्यक्ष युवराज सिंह ने कहा कि विद्यार्थी परिषद की ओर से हर वर्ष पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। एसएफडी के माध्यम से जल, जंगल, जमीन, जानवर और जीवन के संरक्षण के लिए युवाओं को जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए पौधारोपण बेहद जरूरी है। युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के अभियानों से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए।
युवराज सिंह ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से अभियान में लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी लेने का भी संकल्प लिया गया।
पौधारोपण अभियान में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने का संदेश दिया गया।
