एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राजकीय महाविद्यालय रामपुर में रेड रिब्बन क्लब की ओर से अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में नारा लेखन, पोस्टर मेकिंग और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, जागरूकता और अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ावा देना तथा उन्हें सामाजिक मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त करने के लिए प्रेरित करना रहा।
प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नारा लेखन प्रतियोगिता में लोकेश ने प्रथम, सलोनी ने द्वितीय तथा दीक्षा और मोनिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में महक जोशी प्रथम, अदिति और लोकेश द्वितीय तथा सारूल सिंह तृतीय स्थान पर रहे। निबंध लेखन प्रतियोगिता में स्नेहा ने प्रथम, निखिल ने द्वितीय तथा प्रिया और श्रीजा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया ने सभी विजेता प्रतिभागियों और विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
