एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर बुशहर के बुशहर बीएड संस्थान, नोगली में गुरुवार को विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। बीएड द्वितीय सत्र के प्रशिक्षु छात्रों ने चतुर्थ सत्र (2024-26) के विद्यार्थियों के सम्मान में फेयरवेल पार्टी का आयोजन कर उन्हें भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम में संस्थान के कोषाध्यक्ष हितेंद्र गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि सेवानिवृत्त मुख्य अध्यापिका अनीता गुप्ता ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। संस्थान के प्राचार्य डॉ. तिलक राज भारद्वाज ने बताया कि समारोह के दौरान विद्यार्थियों के लिए धाम का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद प्रशिक्षु छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। रैंप वॉक, गेम राउंड, पहाड़ी नाटी, एकल नृत्य तथा बॉलीवुड डांस कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। संजीवनी, विजयलक्ष्मी तथा ज्योति एंड पार्टी की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।
समारोह के दौरान श्रेया मेहता को मिस फेयरवेल तथा कुलभूषण शर्मा को मिस्टर फेयरवेल का खिताब प्रदान किया गया। वहीं सौरव ठाकुर को मिस्टर पर्सनैलिटी और शिवानी कटोच को मिस पर्सनैलिटी चुना गया। कार्यक्रम का सफल संचालन दिव्या कालिया, पल्लवी, पूजा, ज्योति और आदितिका ने किया। वहीं कक्षा प्रतिनिधि पंकज और अक्षिता की अगुवाई में समारोह का सफल आयोजन सुनिश्चित किया गया। संस्थान के अध्यक्ष पवन आनंद एवं सचिव इंजीनियर राजीव शर्मा ने अपने शुभकामना संदेश में सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र नेगी, प्रोफेसर वर्षा ठाकुर, राकेश ठाकुर, तपस्या शर्मा, सपना दीपक, नवनीत चौहान, किरण वाला, नरेंद्र ठाकुर, हेमलता बिष्ट, गौरव गौतम, हेमराज तथा कुंदन सहित संस्थान के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
