एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
दो माह तक चले DJ Nation Sports Fest 2026 का भव्य समापन रामपुर के ऐतिहासिक पाटबंगला मैदान में उत्साह और उमंग के बीच हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि हिमकॉन के चेयरमैन विकेश चौहान रहे। उन्होंने कहा कि इस तरह के खेल आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उन्हें खेलों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी DJ Nation के प्रयासों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस वर्ष आयोजित स्पोर्ट्स फेस्ट में कुल 18 खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। इनमें मैराथन, साइकिल दौड़, 100 मीटर, 400 मीटर और 1600 मीटर दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, पावर लिफ्टिंग, बाजू कुश्ती, स्नूकर, टेबल टेनिस, शतरंज, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, फुटबॉल और क्रिकेट शामिल रहे। प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि हिमाचल प्रदेश के अलावा देश के विभिन्न राज्यों से भी खिलाड़ियों ने भाग लेकर आयोजन को राष्ट्रीय स्तर की पहचान दिलाई।
समापन दिवस पर क्रिकेट प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसमें लव ब्रदर्स स्पार्टन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एमडब्ल्यू बरोग को हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ चार लाख रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में प्रसिद्ध लोक गायक एसी भारद्वाज और डॉ. संतोष तोशी ने अपनी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
DJ Nation के अध्यक्ष साहिल सागर ने खिलाड़ियों, आयोजन समिति, स्वयंसेवकों, प्रायोजकों, प्रशासन, पुलिस विभाग, मीडिया और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं, बल्कि युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की संस्कृति को बढ़ावा देना है। उन्होंने विश्वास जताया कि DJ Nation भविष्य में भी “बेहतर बुशहर” के निर्माण और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे आयोजनों का सिलसिला जारी रखेगा।
