एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जी.बी. पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय, रामपुर बुशहर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम अधिकारी मिस रंजू नेगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्वयंसेवकों को एनएसएस की गतिविधियों, जिम्मेदारियों और नए शैक्षणिक सत्र की कार्ययोजना से अवगत कराया गया।
महाविद्यालय में एनएसएस की दो इकाइयां संचालित हैं। बैठक में यूनिट-1 के अध्यक्ष के रूप में दिव्यांश ठाकुर तथा यूनिट-2 की अध्यक्ष के रूप में कुशारिका ठाकुर का चयन किया गया। इसके अलावा दोनों इकाइयों के प्रभावी संचालन के लिए विभिन्न स्वयंसेवकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम अधिकारी मिस रंजू नेगी ने नव-चयनित पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में समाज सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करती है। उन्होंने स्वयंसेवकों से समाज के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
बैठक में आगामी सत्र के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई। इनमें स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति जागरूकता अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, मतदाता जागरूकता अभियान तथा सात दिवसीय विशेष एनएसएस शिविर प्रमुख रूप से शामिल हैं।
बैठक के अंत में सभी स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय सेवा योजना के आदर्श वाक्य “Not Me But You” (स्वयं से पहले आप) को आत्मसात करते हुए समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि एनएसएस स्वयंसेवक सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाकर महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
