एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर | हिमाचल प्रदेश वन विभाग की 27वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में हमीरपुर फॉरेस्ट सर्कल ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में रामपुर फॉरेस्ट सर्कल की टीम दूसरे स्थान पर रही।

प्रतियोगिता में महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा एवं खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान करीब 124 इवेंट्स के तहत 32 खेलों का आयोजन किया गया। इसमें हिमाचल प्रदेश के विभिन्न फॉरेस्ट सर्कल से आए एक हजार से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ मुकाबलों में भाग लिया वॉलीबॉल के महिला वर्ग में मंडी की टीम विजेता रही, जबकि पुरुष वर्ग में शिमला ने बाजी मारी। बास्केटबॉल पुरुष वर्ग में बिलासपुर और महिला वर्ग में हमीरपुर की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। फुटबॉल पुरुष वर्ग में धर्मशाला की टीम चैंपियन बनी। वहीं, कबड्डी पुरुष वर्ग में हमीरपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।

रविवार को समापन समारोह में वन बल प्रमुख एवं जाइका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक डॉ. संजय सूद ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. सूद ने कहा कि वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने खेल मैदान में जिस उत्साह और अनुशासन का परिचय दिया, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में कर्मचारियों ने ‘स्विफ्ट इन स्पोर्ट्स, डिवोटेड इन ड्यूटी’ की भावना को पूरी तरह चरितार्थ किया है। खेल कर्मचारियों में टीम भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
👉 यह भी पढ़ें : Manali Paragliding Pre-World Cup: पहली बार होगा आयोजन, 64 पायलटों ने कराया पंजीकरण
प्रतियोगिता के चेयरमैन एवं सीएफ रामपुर सीबी ताशीलदार तथा वन मंडलाधिकारी रामपुर गुरहर्ष सिंह ने सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के सफल आयोजन और शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल में जीत और हार दोनों का हिस्सा हैं, लेकिन मैदान पर पूरी मेहनत और खेल भावना के साथ उतरना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि तीन दिनों तक रामपुर में प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। इसके लिए रामपुर सर्कल की पूरी टीम बधाई की पात्र है। सभी प्रतिभागियों ने ‘स्विफ्ट इन स्पोर्ट्स, डिवोटेड इन ड्यूटी’ की थीम के अनुरूप अपनी जिम्मेदारी निभाई।
