एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज उपमंडल कोटखाई में 2 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से निर्मित लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस नवनिर्मित भवन से विभागीय कार्यों की दक्षता बढ़ेगी और कर्मचारियों व जन साधारण को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में सड़क, भवन, पेयजल, शिक्षा और विद्युत सहित विभिन्न विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये व्यय किए जा रहे हैं। प्रदेश में बीते वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में भी अहम प्रगति हुई है।
जन सामान्य को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता
शिक्षा मंत्री ने कोटखाई में स्वीकृत सब-जज कोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि कल्याणकारी राज्य का मुख्य उद्देश्य जनता को न्याय उपलब्ध कराना है। सब-जज कोर्ट खुलने से स्थानीय लोगों को न्याय प्राप्ति में सुविधा होगी।
उन्होंने विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि पिछली भाजपा सरकार के दौरान प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में जुब्बल-कोटखाई को एक भी सड़क स्वीकृत नहीं हुई, जबकि वर्तमान सरकार ने पिछले तीन वर्ष में इसी योजना के तहत 300 करोड़ की स्वीकृतियां दिलाई हैं और क्षेत्र में 148 नई सड़कों की पासिंग हो चुकी है, जो एक बड़ी उपलब्धि है।
कोटखाई में बनेगा ट्रॉमा सेंटर
स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रगति की जानकारी देते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री आदर्श स्वास्थ्य संस्थान कोटखाई में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि कोटखाई में जल्द ही एक ट्रॉमा सेंटर भी बनाया जाएगा, जिसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
केंद्रीय विद्यालय की भूमि का निरीक्षण
शिक्षा मंत्री ने कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय के लिए चयनित पुड़ग पंचायत स्थित कुफ़्टू फार्म की 30 बीघा भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सीपीडब्ल्यूडी के प्राक्कलन अनुसार विद्यालय के निर्माण पर 40 करोड़ से अधिक लागत आने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र में शिक्षात्मक स्तर ऊंचा होगा, स्थानीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। सरकार शिक्षा के सुदृढ़ीकरण के लिए बड़े निर्णय ले रही है, जिनमें शिक्षकों की भर्ती, अंतरराष्ट्रीय exposure प्रोग्राम, अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा और पौष्टिक आहार योजना शामिल हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित रहे
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, नगर पंचायत कोटखाई की अध्यक्ष अंजली चौहान, पूर्व अध्यक्ष रविंद्र चौहान, तहसील कॉपरेटिव यूनियन के चेयरमैन गुमान सिंह, निदेशक एलएमबी बैंक देविंदर नेगी, ब्लॉक महिला कांग्रेस की अध्यक्ष कमलेश ठाकुर, अनुसूचित विभाग के अध्यक्ष मुन्नी लाल नरसेठ, एसडीएम कोटखाई गुरमीत नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
