एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
रोहड़ू के पुराने बस अड्डा परिसर में हिमाचल प्रदेश के आधुनिक निर्माता माने जाने वाले राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह एवं पूर्व लोकसभा सांसद, प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने की।

मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि राजा वीरभद्र सिंह की वजह से प्रदेश और रोहड़ू क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद राजा साहब ने प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, जिसे विपक्ष भी स्वीकार करता है। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
रोहड़ू क्षेत्र में 64 करोड़ की 22 सड़कें स्वीकृत
मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-4 के तहत रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के लिए 64 करोड़ की लागत से 22 सड़कें स्वीकृत की गई हैं। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 250–300 करोड़ के कार्य क्षेत्र में प्रगति पर हैं।
रोहड़ू–चिड़गांव सड़क के लिए 19 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है, जबकि डोडरा क्वार सड़क का बजट, जिस पर रोक लगी थी, उसे भी बहाल कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि 150 से अधिक आबादी वाले गांवों में सड़क निर्माण किया जाएगा, बशर्ते लोग गिफ्ट डीड उपलब्ध कराएं। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो ठेकेदार समय पर कार्य पूरा न करें, उन्हें आगे कार्य न दिया जाए।
प्रतिभा सिंह ने कहा—राजा साहब के दिखाए रास्ते पर चलें
पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए राजा वीरभद्र सिंह की सोच और नीतियों को अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि राजा साहब रोहड़ू क्षेत्र का संपूर्ण विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पांच बार यहां से विधायक बने।
11.19 करोड़ से बने सन्दौर पुल का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान विक्रमादित्य सिंह ने 11 करोड़ 19 लाख की लागत से निर्मित सन्दौर पुल का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि पुल से स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।
स्थानीय विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्र में हुए बड़े विकास कार्य राजा साहब की देन हैं। कार्यक्रम में राजा वीरभद्र सिंह के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री और उन पर आधारित गीत का भी विमोचन किया गया। मंत्री ने इनके निर्माणकर्ताओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में रहे उपस्थित
उपाध्यक्ष हिमुडा यशवंत छाजटा, जिला परिषद उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेटका, नगर परिषद रोहड़ू अध्यक्ष अशोक चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष करतार सिंह, एसडीएम धर्मेश रमोत्रा, कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल, महिला विंग सहित पंचायतों व विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
