एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
बुशहर बीएड संस्थान नोगली (कलना) में सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रशिक्षुओं को हिंदी भाषा के महत्व, समृद्धता और सांस्कृतिक विरासत से परिचित करवाने के साथ हिंदी के प्रति सम्मान और प्रेम की भावना को बढ़ावा दिया गया।
कार्यक्रम में संस्थान के कार्यालय अधीक्षक जेपी मेहता ने मुख्य अतिथि तथा सहायक आचार्य वर्षा ठाकुर ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से किया गया। संस्थान के उपप्रधानाचार्य डॉ. राजेंद्र नेगी ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हिंदी दिवस मनाने का उद्देश्य केवल एक दिन हिंदी के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करना नहीं है, बल्कि दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करना भी है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से हिंदी भाषा को व्यवहार में अपनाने का आह्वान किया।
इस दौरान प्रशिक्षुओं के लिए व्याख्यान, नारा लेखन, पोस्टर निर्माण, कविता पाठ और गायन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई गईं। प्रशिक्षुओं ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा और अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने हिंदी की उपयोगिता, इसकी समृद्ध साहित्यिक परंपरा और भारतीय संस्कृति में इसके योगदान पर विचार साझा किए।
संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. तिलक राज भारद्वाज ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी भाषा के संरक्षण और प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी केवल शिक्षण संस्थानों तक सीमित नहीं है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को हिंदी के सम्मान और इसके व्यापक प्रयोग में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पवन आनंद, सचिव इंजीनियर राजीव शर्मा और कोषाध्यक्ष हितेंद्र गुप्ता ने शिक्षक वर्ग, कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समन्वय प्रो. नवनीत चौहान और प्रो. किरण बाला शर्मा ने किया। इस अवसर पर प्रो. ललित कायथ, प्रो. तपस्या शर्मा, प्रो. सपना दीपक, हेमलता बिष्ट, प्रो. नरेंद्र ठाकुर, गौरव गौतम, कुंदन ठाकुर और हेम राज सहित संस्थान के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
