एआरबी टाइम्स ब्यूरो | धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने जून 2026 में आयोजित होने वाली अध्यापक पात्रता परीक्षा (HP TET) के लिए 1,440 आवेदनों को रद्द कर दिया है। बोर्ड ने यह कार्रवाई उन अभ्यर्थियों के खिलाफ की है जिन्होंने आवेदन पत्र अधूरे छोड़े थे या निर्धारित समय तक परीक्षा शुल्क जमा नहीं करवाया था। बोर्ड को कुल 33,971 आवेदन प्राप्त हुए थे। स्क्रूटनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 32,531 आवेदन ही वैध पाए गए हैं। इसके बाद केवल यही अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
10 विषयों के लिए मांगे गए थे आवेदन
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जून में आयोजित होने वाली 10 विषयों की अध्यापक पात्रता परीक्षा (TET) के लिए 30 अप्रैल से 15 मई तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन स्वीकार किए थे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दस्तावेजों और शुल्क की जांच की गई।
विषयवार वैध आवेदनों की संख्या
- स्पेशल एजुकेटर (प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक) : 407
- स्पेशल एजुकेटर (कक्षा 6 से 12 तक) : 128
- टीजीटी आर्ट्स : 10,515
- टीजीटी मेडिकल : 3,318
- जेबीटी : 8,925
- टीजीटी संस्कृत : 1,394
- पंजाबी : 89
- उर्दू : 7
- टीजीटी नॉन-मेडिकल : 5,517
- टीजीटी हिंदी : 2,231
5 जून तक मिल सकता है मौका
स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि 18 मई तक परीक्षा शुल्क जमा नहीं करवाने वाले अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं। रिजेक्ट किए गए आवेदनों की सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जिन अभ्यर्थियों का नाम रिजेक्ट सूची में शामिल है, लेकिन उन्होंने शुल्क जमा किया है, वे 5 जून तक शुल्क भुगतान से संबंधित दस्तावेज बोर्ड कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। सत्यापन के बाद उन्हें रोल नंबर जारी किया जाएगा।
