एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
हिमकोफेड के पूर्व चेयरमैन एवं रामपुर विधानसभा क्षेत्र के युवा भाजपा नेता कौल सिंह ने महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर खनेरी में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति को लेकर प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग पर निशाना साधा है। उन्होंने अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति, बेडों की संख्या बढ़ाने और स्टाफ नर्सों के रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग की है।
कौल सिंह ने कहा कि खनेरी अस्पताल चार जिलों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है, लेकिन यहां रेडियोलॉजिस्ट का पद खाली होने के कारण अल्ट्रासाउंड सुविधा प्रभावित है। इससे मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं को निजी संस्थानों का रुख करना पड़ रहा है और उन्हें अतिरिक्त पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हाल ही में सामने आई जानकारी के अनुसार अस्पताल के चिल्ड्रन वार्ड में 8 बेड पर 26 बच्चों को भर्ती किया गया, जबकि एक बेड पर तीन-तीन बच्चों का इलाज होने की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ सकता है और अस्पताल में पर्याप्त बेड उपलब्ध न होना व्यवस्था की गंभीर कमी को दर्शाता है।
भाजपा नेता ने कहा कि बरसात के मौसम में अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। इसके बावजूद बेड, स्टाफ और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि चार जिलों का भार संभालने वाले अस्पताल में ऐसी स्थिति चिंताजनक है और इससे स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सरकार के दावों पर सवाल खड़े होते हैं।
कौल सिंह ने कहा कि अस्पताल में स्टाफ नर्सों के करीब 20 पद रिक्त चल रहे हैं। इसके चलते कार्यरत नर्सों पर अतिरिक्त काम का दबाव पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि अस्पताल में स्टाफ नर्सों सहित अन्य रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और स्वास्थ्य मंत्री से मांग की कि खनेरी अस्पताल में तुरंत रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति, बेडों की संख्या दोगुनी करने और रिक्त पदों को भरने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।
कौल सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो भाजपा जनहित के मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
