एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
स्वर्गीय ठाकुर सेन नेगी प्रीमियर लीग (TSNPL) के पोस्टर का अनावरण उपमंडलाधिकारी रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर नगर परिषद रामपुर के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ठाकुर सेन नेगी प्रीमियर लीग एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह और सचिव डॉ. देव नेगी भी मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष टीएसएनपीएल में क्रिकेट के साथ युवाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। क्रिकेट प्रतियोगिता के अलावा रस्साकशी, शतरंज और कैरम प्रतियोगिताएं भी होंगी। किन्नौरी संस्कृति कार्यक्रम, ग्रैंड फिनाले, स्टार नाइट और विशेष समारोह लीग के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
मुख्य क्रिकेट टूर्नामेंट 27 सितंबर से 11 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में अधिकतम 24 टीमों को प्रवेश दिया जाएगा। टीम पंजीकरण 22 अगस्त से शुरू हो चुका है। टीम एंट्री फीस 25 हजार रुपये निर्धारित की गई है, जबकि स्लॉट बुक करने के लिए 15 हजार रुपये जमा करवाने होंगे।
प्रतियोगिता की विजेता टीम को 3 लाख रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 1.50 लाख रुपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। आयोजकों ने खिलाड़ियों और टीमों से जल्द पंजीकरण करवाने का आग्रह किया है।
युवाओं को नशे से दूर रखने का संदेश
टीएसएनपीएल का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना भी है। आयोजकों ने इस वर्ष लीग को “चिट्टे को भगाओ, युवाओं को बचाओ” अभियान से जोड़ते हुए नशामुक्त समाज का संदेश देने का आह्वान किया है।
लीग के माध्यम से युवाओं को खेलों और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
