एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
सर्वपल्ली राधाकृष्णन बी.एड., एम.एड. एवं डिग्री कॉलेज, बालना-नोगली में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में पूजा-अर्चना और हवन के साथ किया गया। संस्थान परिसर में आयोजित विशेष हवन में प्रबंधन, प्राचार्या, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक आहुतियां अर्पित कर नए सत्र के सफल, मंगलमय एवं ज्ञानवर्धक होने की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत हवन संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने आहुति डालकर ज्ञान, बुद्धि, विवेक एवं सद्बुद्धि का आशीर्वाद मांगा। इस दौरान पूरा संस्थान परिसर भक्तिमय और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर रहा।
इस अवसर पर संस्थान की प्राचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नया सत्र विद्यार्थियों के लिए नए लक्ष्य निर्धारित करने, नई संभावनाओं को तलाशने और स्वयं को बेहतर बनाने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने, अनुशासन का पालन करने तथा शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास एवं नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी का संबंध केवल कक्षा तक सीमित नहीं होता। शिक्षक विद्यार्थियों को सही दिशा देने, उनकी प्रतिभा को निखारने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संस्थान का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ जिम्मेदार, संस्कारी, संवेदनशील एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिकों का निर्माण करना है।
संस्थान के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार ने विद्यार्थियों को नए सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक नया शैक्षणिक सत्र नई ऊर्जा, अवसर और उम्मीदें लेकर आता है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, लगन, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि “प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल एक अच्छा शिक्षक बनाना ही नहीं, बल्कि एक अच्छा इंसान बनाना भी है।” शिक्षक-प्रशिक्षण विद्यार्थियों के बहुमुखी व्यक्तित्व निर्माण की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। एक श्रेष्ठ शिक्षक वही है जो ज्ञान के साथ संस्कार, संवेदनशीलता, नैतिकता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को भी आगे बढ़ाए। उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उन्हें बेहतर इंसान बनाने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन, नियमों एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय के सदुपयोग और बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
समापन अवसर पर संस्थान के मुख्य सलाहकार ए.के. गोस्वामी ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए सकारात्मक सोच, अनुशासन और निरंतर परिश्रम को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।
हवन के समापन पर सभी ने संस्थान की निरंतर प्रगति, नए शैक्षणिक सत्र के सफल संचालन तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में सर्वपल्ली परिवार के सदस्य, शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने ज्ञान, संस्कार, अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत के साथ नए शैक्षणिक सत्र को सफल बनाने का संकल्प लिया।
