एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक सोमवार को बहुउद्देश्यीय भवन के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडी लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं दिशा समिति की अध्यक्ष कंगना रणौत ने की। बैठक में आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष ठाकुर दास, समिति के नामांकित सदस्य और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों और दिए गए सुझावों पर हुई कार्रवाई की भी जानकारी ली गई।
कंगना रणौत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य केवल लक्ष्य हासिल करना नहीं, बल्कि उनका वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना होना चाहिए। उन्होंने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए।
सांसद ने कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य और प्राकृतिक एवं जैविक खेती के क्षेत्र में कुल्लू की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने और अधिक महिलाओं को इससे जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने किसानों, महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने के लिए विभागों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा।
उन्होंने स्थानीय एवं प्राकृतिक उत्पादों को देश-विदेश के बाजार तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के प्रभावी इस्तेमाल के निर्देश दिए। साथ ही प्राकृतिक एवं जैविक खेती के लिए प्रशिक्षण और बेहतर बाजार उपलब्ध करवाने की ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। एनएचएआई ने जिले में चल रही परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। सांसद ने परियोजनाओं में अनावश्यक देरी रोकने और स्थानीय समस्याओं का जनप्रतिनिधियों व विभागों के समन्वय से शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। एनएच-305 सैंज-लुहरी-ओट मार्ग से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।
नशे के बढ़ते प्रचलन पर चिंता जताते हुए कंगना रणौत ने पुलिस को नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा जागरूकता गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों ने पीपीटी के माध्यम से योजनाओं की प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी दी।
