एआरबी टाइम्स ब्यूरो | कुल्लू
राजकीय महाविद्यालय निरमण्ड की एनसीसी इकाई के लिए गर्व का विषय है कि वरिष्ठ एनसीसी कैडेट पिताम्बर ठाकुर ने फायरिंग प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सभी चयन चरण सफलतापूर्वक पार कर शिमला ग्रुप टीम में स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय, एनसीसी इकाई तथा पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
पिताम्बर ठाकुर ने अपनी चयन यात्रा की शुरुआत 20 से 24 अप्रैल तक आयोजित बटालियन फायरिंग चयन शिविर से की, जहां उन्होंने शानदार निशानेबाजी का प्रदर्शन कर अगले चरण के लिए क्वालीफाई किया। इसके बाद 30 अप्रैल से 9 मई तक ऊना में आयोजित इंटर बटालियन प्रतियोगिता (IBC) में विभिन्न बटालियनों के प्रतिभाशाली कैडेटों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अगले स्तर के लिए चयनित हुए।
इसके उपरांत 12 से 21 मई तक धर्मशाला में आयोजित आईजीएसएससी टीम चयन शिविर में उन्होंने अपनी प्रतिभा और फायरिंग कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया तथा आईजीएसएससी के लिए क्वालीफाई किया। वहीं 24 मई से 2 जून तक आयोजित इंटर ग्रुप शिमला सिलेक्शन प्रतियोगिता (IGSSC) में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए शिमला ग्रुप टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
अब पिताम्बर ठाकुर का चयन 7 से 16 जून तक चंडीगढ़ में आयोजित होने वाली इंटर ग्रुप प्रतियोगिता (IGC) के लिए हुआ है, जहां वे शिमला ग्रुप का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रतियोगिता में उनका मुकाबला चंडीगढ़ निदेशालय के विभिन्न ग्रुपों के श्रेष्ठ कैडेटों से होगा।
एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. संदीप कुमार ठाकुर ने पिताम्बर को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता कठोर परिश्रम, अनुशासन, लगन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि पिताम्बर आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर के शिविरों एवं प्रतियोगिताओं के लिए चयनित होंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कुलजीत सिंह ने भी पिताम्बर ठाकुर को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने एनसीसी इकाई की सक्रिय भागीदारी और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि महाविद्यालय के कैडेट विभिन्न राष्ट्रीय गतिविधियों में भाग लेकर प्रदेश और देशभर में संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं।
