भाजपा मंडल रामपुर के पदाधिकारियों की बैठक रविवार को मेहता गेस्ट हाउस, रामपुर में मंडल अध्यक्ष नरेश चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 5 जून से 21 जून तक चलाए जा रहे “विकसित भारत संकल्प – विकास, जनकल्याण एवं पर्यावरण” अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक में 8 जून से 12 जून तक आयोजित होने वाले मीडिया संवाद कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों को केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क और प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।
8 जून से 14 जून तक चलने वाले विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत समाज के प्रबुद्ध वर्ग, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित व्यक्तियों से संपर्क स्थापित करने की योजना बनाई गई। वहीं “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने पर जोर दिया गया।
बैठक में 8 से 10 जून तक स्वच्छता अभियान, 11 से 13 जून तक प्रगति पथ यात्रा तथा 12 से 20 जून तक विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभों से अवगत कराने के लिए कार्यशालाओं के आयोजन का निर्णय लिया गया।
17 से 19 जून तक मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी में आधारभूत संरचना, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विकास कार्यों को फोटो, वीडियो और अन्य माध्यमों से प्रदर्शित किया जाएगा।
बैठक में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। मंडल अध्यक्ष नरेश चौहान ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम को सफल बनाने तथा केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में मंडल के सभी प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
