एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर के विद्यार्थियों के हित में NSUI की ओर से उठाई गई मांग आखिरकार पूरी हो गई है। महाविद्यालय में बंद किए गए Journalism & Mass Communication (JMC) विषय को पुनः बहाल करने की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। इससे विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है।

NSUI हिमाचल प्रदेश के राज्य सचिव रोहित भैक ने विद्यार्थियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए 4 अगस्त 2026 को प्रदेश के शिक्षा मंत्री के समक्ष लिखित आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन के माध्यम से JMC विषय को दोबारा शुरू करने की मांग उठाते हुए विद्यार्थियों के भविष्य तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार और करियर के अवसरों का मुद्दा प्रमुखता से रखा गया था। NSUI ने इस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच-पड़ताल कर संबंधित रिपोर्ट तैयार की और विषय को सरकार के समक्ष प्रभावी तरीके से उठाया। संगठन के अनुसार, लगातार प्रयासों के बाद सरकार ने विद्यार्थियों के हित में यह निर्णय लिया।

इसके बाद हिमाचल प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग ने 5 अगस्त 2026 को अधिसूचना जारी कर राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर में Journalism and Mass Communication विषय को तत्काल प्रभाव से पुनः जारी रखने के आदेश दिए।
NSUI ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे विद्यार्थियों की जीत और छात्र हित में किए गए संघर्ष की सफलता बताया। संगठन का कहना है कि JMC विषय की बहाली से उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो पत्रकारिता एवं जनसंचार के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं।
NSUI हिमाचल प्रदेश ने कहा कि विद्यार्थियों की शिक्षा, सुविधाओं और भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन आगे भी मजबूती से आवाज उठाता रहेगा। संगठन ने स्पष्ट किया कि छात्र हितों से जुड़े हर मुद्दे को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा और समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
