एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
जिला शिमला के सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों के लिए आधार आधारित ई-केवाईसी (e-KYC) करवाने का अंतिम अवसर है। जिला कल्याण अधिकारी कपिल देव शर्मा ने सभी पात्र पेंशनधारकों से अपील की है कि जिन्होंने अभी तक ई-केवाईसी नहीं करवाई है, वे अगले एक माह के भीतर यह प्रक्रिया पूरी कर लें, अन्यथा उनकी पेंशन प्रभावित हो सकती है।
कपिल देव शर्मा ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा जुलाई 2025 से जिला शिमला में सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों का आधार आधारित ई-केवाईसी सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्य जिला एवं तहसील कल्याण अधिकारियों के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विभाग के प्रयासों से अब तक जिले के 79,263 पेंशन लाभार्थियों की ई-केवाईसी सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी है। हालांकि, 7,764 लाभार्थियों ने अभी तक सत्यापन नहीं कराया है, जिसके कारण वे पेंशन सुविधा से वंचित हैं।
जिला कल्याण अधिकारी ने ऐसे सभी लाभार्थियों से संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में जाकर एक माह के भीतर ई-केवाईसी करवाने का आग्रह किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अंतिम अवसर है। निर्धारित समय सीमा के बाद भी यदि कोई लाभार्थी ई-केवाईसी नहीं करवाता है, तो विभाग यह मान सकता है कि संबंधित पेंशनधारक अनुपलब्ध है या सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने के लिए पात्र नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन असहाय पेंशनभोगियों का आधार कार्ड अभी तक नहीं बना है या उसमें किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक है, वे जिला कल्याण अधिकारी या संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
ई-केवाईसी से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए लाभार्थी अपने नजदीकी जिला कल्याण अधिकारी अथवा तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
