एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
शिवालिक पब्लिक स्कूल झाकड़ी के विद्यार्थियों ने लोक नृत्य प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए शिमला जिले का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों ने पहले ब्लॉक स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके बाद सराहन ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करते हुए जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और प्रथम स्थान प्राप्त किया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन ठियोग में किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। शिवालिक पब्लिक स्कूल झाकड़ी के विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से निर्णायक मंडल को प्रभावित करते हुए प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि के साथ विद्यालय के विद्यार्थी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शिमला जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यार्थियों की इस सफलता से विद्यालय में खुशी का माहौल है और स्कूल प्रबंधन, शिक्षक तथा अभिभावक विद्यार्थियों की उपलब्धि पर उत्साहित हैं।
विद्यालय की चेयरपर्सन बिशना भंडारी ने विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के प्रयासों की सराहना करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
