एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव-2026 के दौरान ढालपुर मैदान में विभिन्न दुकानों, प्रदर्शनियों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए प्लॉटों का आवंटन एवं नीलामी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार की जाएगी। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव का आयोजन इस वर्ष 21 से 27 अक्टूबर तक किया जाएगा।
कार्यवाहक उपायुक्त एवं दशहरा उत्सव समिति के उपाध्यक्ष सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि प्लॉटों का आवंटन एवं नीलामी प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से निर्धारित स्थान पर होगी।
उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर को कृषि एवं बागवानी उपकरण, टी-स्टॉल, रेडीमेड गारमेंट और मनियारी के प्लॉटों का आवंटन किया जाएगा। 6 अक्टूबर को लोकल झूले, टेंट मार्केट, बर्तन बाजार, डोम सहित बैग की दुकानें, होटल-ढाबा और बास्केटबॉल ग्राउंड के प्लॉट आवंटित होंगे। 7 अक्टूबर को हलवाई मार्केट, लोकल आर्टिकल, ओपन स्पेस तथा नए और पुराने जूते की मार्केट के प्लॉटों की नीलामी होगी।
इसी क्रम में 8 अक्टूबर को प्रदर्शनी मैदान में खाने-पीने के स्टॉल, 9 अक्टूबर को सरकारी एवं गैर-सरकारी स्टॉल तथा ओपन स्पेस, जबकि 10 और 12 अक्टूबर को मीना बाजार-I, II एवं III के प्लॉट आवंटित किए जाएंगे। 13 और 14 अक्टूबर को समस्त मार्केट, 15 अक्टूबर को हॉजरी तथा 16 अक्टूबर को समस्त मार्केट के प्लॉटों का आवंटन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 17 और 18 अक्टूबर को पुराने कपड़ों की मार्केट (फ्ली मार्केट), 19 और 20 अक्टूबर को राजा कैंप एरिया एवं नई रेडीमेड गारमेंट तथा 21 अक्टूबर को बर्तन मार्केट के पीछे पार्किंग, प्रदर्शनी मैदान की पार्किंग और ओपन स्पेस (पुराने जूते की मार्केट) के प्लॉटों का आवंटन/नीलामी होगी।
इच्छुक आवेदक एवं व्यापारी प्लॉट खरीदने के लिए प्लॉट आवंटन कार्यालय, मल्टीपर्पज भवन (सबसे ऊपरी मंजिल), उपायुक्त कार्यालय के समीप, ढालपुर, कुल्लू में संपर्क कर सकते हैं। प्लॉट आवंटन से संबंधित विस्तृत जानकारी जिला कुल्लू की वेबसाइट hpkullu.nic.in पर भी उपलब्ध है।
