![]() |
| भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल |
एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि मोदी सरकार के प्रयासों से हिमाचल में पहली बार रेलवे का विस्तारीकरण शुरू हुआ है और रेल बिलासपुर तक पहुंच रही है। सुक्खू सरकार उस रेलवे प्रोजेक्ट का झूठा श्रेय लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार इस कार्य को तेज गति से आगे बढ़ाने में बाधाएं पैदा कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू पर पलटवार करते हुए कहा कि उनका हिमाचल के लोगों की सेहत से कुछ लेना देना नहीं है। बिलासपुर में एम्स जैसे महत्वपूर्ण चिकित्सा संस्थान पर टिप्पणी करना गैर जिम्मेदारना है। उन्होंने कहा कि एम्स जगत प्रकाश नड्डा की देन है। नड्डा और हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर को एम्स की चिंता है।
डॉ. बिन्दल ने कहा कि प्रदेश के बेरोजगार युवकों को धोखा देकर सत्ता में आई कांग्रेस आज भाजपा को गाली देकर अपना समय बिताने में लगी है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का लगातार तीसरा बार सफाया हो गया है। देश के जिन तीन राज्यों में झूठ के आधार पर कांग्रेस की सरकारें बनी, वे सरकारें भी अगले चुनावों में नहीं रहेंगी।
