लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में हिमाचल प्रदेश के ऊना की रहने वाली एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान चीना के रूप में हुई है, जिसकी करीब ढाई साल पहले लुधियाना के सिमरनजीत सिंह से लव मैरिज हुई थी।
मृतका के भाई राकेश कुमार ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले चीना को पैसों के लिए परेशान करने लगे थे। 17 अगस्त 2025 को सास मनजीत कौर ने मायके वालों को फोन कर बताया कि दवा के रिएक्शन से चीना की तबीयत बिगड़ गई है। लेकिन जब परिवार मौके पर पहुंचा, तो उन्होंने गले और बाजू पर चोट जैसे निशान देखे। इलाज के दौरान चीना की मौत हो गई।
परिवार ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि दवा के रिएक्शन से हालत बिगड़ी थी।फिलहाल थाना हैबोवाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। पुलिस ने पति सिमरनजीत सिंह के खिलाफ धारा 2025 U/S 108 BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी अभी फरार है।