एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज वर्चुअल माध्यम से किन्नौर जिला के पूह उपमंडल की ग्राम पंचायत ज्ञाबुंग में देवता दुंबर बरासऊनी जी के नवनिर्मित मंदिर का उद्घाटन किया। उन्होंने ग्रामवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मंदिर के निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त की।
राजस्व मंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और देव परंपराओं के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे अपनी मूल संस्कृति को संजोएं और भावी पीढ़ी को इससे जोड़ें।
समारोह के दौरान जिला कांग्रेस समिति किन्नौर के अध्यक्ष उमेश नेगी ने भी संबोधित किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान राज्य सरकार देव संस्कृति के संवर्धन के लिए मंदिरों के निर्माण, मरम्मत और संरक्षण में निरंतर सहयोग दे रही है।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह रवींद्र सिंह ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम नेगी, तहसीलदार पूह भीम सिंह नेगी, खंड विकास अधिकारी बसंत नेगी, थाना प्रभारी देव राज ठाकुर, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
