एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने निर्देश दिए हैं कि भट्टाकुफर के समीप में ढहे बहुमंजिला भवन के मालिक को शीघ्र मुआवजा राशि प्रदान की जाए। यह बात उन्होंने कैथलीघाट-शिमला फोरलेन निर्माण परियोजना और प्रभावितों को दी जाने वाली मुआवजा राशि से संबंधित बैठक में कही।
बैठक में बताया गया कि भवन के ढहने की घटना के बाद पीड़ित को राहत राशि उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया जारी है। उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) एवं निर्माण कंपनी को निर्देश दिए कि 5.61 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि शीघ्र प्रदान की जाए।
उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को समयबद्ध मुआवजा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके साथ ही असुरक्षित भवनों के अधिग्रहण और निर्माण कार्य की प्रगति पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि डंपिंग कार्य केवल निर्धारित स्थलों पर किया जाए ताकि पर्यावरण संतुलन प्रभावित न हो।
उन्होंने चेतावनी दी कि निजी भूमि पर अवैध डंपिंग पर जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि फोरलेन परियोजना क्षेत्रीय विकास, यातायात सुधार, और स्थानीय रोजगार के नए अवसरों के लिए महत्वपूर्ण है। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ज्योति राणा, एडीएम पंकज शर्मा, एएसपी रत्न नेगी, नगर निगम शिमला के संयुक्त आयुक्त भुवन शर्मा, और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
