एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) तथा समग्र शिक्षा, जिला शिमला (डाइट शामलाघाट) के तत्वावधान में आयोजित छह दिवसीय ऑनलाइन ‘हेल्थ एंड वैलनेस एंबेसडर’ (एचडब्ल्यूए) प्रशिक्षण कार्यशाला बुधवार को संपन्न हुई। 20 से 26 अगस्त तक आयोजित इस प्रशिक्षण में रामपुर जोन के रामपुर, सराहन, कुमारसैन और ननखरी ब्लॉक के करीब 150 शिक्षकों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण का संचालन जोनल समन्वयक एवं प्रधानाचार्य यश पाल ठाकुर के मार्गदर्शन में किया गया। रिसोर्स पर्सन जगदेव शर्मा और कुलविंदर वर्मा ने प्रशिक्षण के दौरान समन्वय और तकनीकी प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली।
छह दिनों में शिक्षकों को 12 प्रमुख मॉड्यूल की जानकारी दी गई। इनमें स्वस्थ विकास, भावनात्मक एवं मानसिक स्वास्थ्य, पारस्परिक संबंध, मूल्य एवं जिम्मेदार नागरिकता, लैंगिक समानता, पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, नशे की रोकथाम एवं प्रबंधन, स्वस्थ जीवनशैली, प्रजनन स्वास्थ्य एवं एचआईवी से बचाव, हिंसा एवं चोटों से सुरक्षा, इंटरनेट-गैजेट्स एवं मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा स्कूल हेल्थ एंड वैलनेस एमआइएस शामिल रहे।
प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न रिसोर्स पर्सन ने विषयवार सत्र लेकर शिक्षकों को विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों में जीवन कौशल विकसित करने और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए अपनाए जाने वाले तरीकों पर भी चर्चा की गई।
समापन अवसर पर जोनल समन्वयक एवं प्रधानाचार्य यश पाल ठाकुर ने कहा कि प्रशिक्षण से शिक्षक विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगे। प्रशिक्षित शिक्षक अब अपने-अपने विद्यालयों में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य और जीवन कौशल के प्रति जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागी शिक्षकों, रिसोर्स पर्सन तथा डाइट शिमला का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।
