एआरबी टाइम्स ब्यूरो
कुल्लू। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के त्वरित निर्देश पर लाहौल-स्पीति जिले के स्टिंगरी से पांच गंभीर मरीजों को हवाई मार्ग से कुल्लू अस्पताल पहुंचाया गया। इन मरीजों में अलका, पूरन सिंह, आयुष, रियांश और उनकी मां संजीता शामिल हैं, जिन्हें अब कुल्लू जिला अस्पताल में भर्ती कर बेहतर चिकित्सा सुविधा दी जा रही है।
यह निर्णय तब लिया गया जब मूसलाधार बारिश के कारण जिले का सड़क संपर्क पूरी तरह से बाधित हो गया और कई जगह सड़कें बह गईं। मुख्यमंत्री ने कुल्लू जिला प्रशासन को तत्काल एक्शन लेने का आदेश दिया, जिसके तहत हेलीकॉप्टर से मरीजों को सुरक्षित रूप से एयरलिफ्ट किया गया।
मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि सभी मरीजों को हरसंभव स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएं। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री के निर्देश पर हवाई मार्ग से जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति भी लाहौल-स्पीति क्षेत्र में पहुंचाई गई ताकि स्थानीय लोगों को किसी तरह की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
यह पहली बार नहीं है जब मुख्यमंत्री ने दुर्गम क्षेत्रों से आपातकालीन रेस्क्यू की निगरानी की हो। इससे पहले भी कई अवसरों पर उन्होंने ऐसे प्रयास किए हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने बिहार जाते समय राज्य के आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से राहत कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
हिमाचल में मानसून ने अब तक भारी तबाही मचाई है। कीरतपुर-मनाली-लेह राजमार्ग क्षतिग्रस्त हो चुका है और कई क्षेत्रों में जल आपूर्ति और सड़क नेटवर्क बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
