एआरबी टाइम्स ब्यूरो, ऊना
ऊना-पंजाब बॉर्डर पर चिंतपूर्णी-होशियारपुर रोड पर शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मरीज को लेकर जा रही एम्बुलेंस करीब 300 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के अनुसार कांगड़ा के टांडा मेडिकल कॉलेज से एक मरीज को रेफर कर लुधियाना के डीएमसी अस्पताल ले जाया जा रहा था। मरीज लेकर जा रही एम्बुलेंस ऊना के गगरेट से आगे पंजाब के मंगूवाल में अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल होशियारपुर पहुंचाया। हादसे में पठियार, नगरोटा बगवां (जिला कांगड़ा) के रहने वाले संजीव कुमार, ओंकार चंद और रमेश चंद की मौत हो गई। जबकि एम्बुलेंस चालक बॉबी और रेणु नामक महिला घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।
सड़क धंसने से हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के मुताबिक जिस जगह हादसा हुआ, वहां भारी बारिश के चलते सड़क धंसी हुई थी। अनुमान है कि सड़क की स्थिति का सही अंदाज़ा न लग पाने से एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतकों के शव खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिए हैं। परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है और औपचारिकताओं के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
