एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। थाना कुमारसैन के तहत पुलिस चौकी नारकण्डा के मुख्य आरक्षी सुनील कुमार अपनी टीम के साथ इलाके में गश्त व ट्रैफिक चेकिंग पर थे। इसी दौरान उन्होंने एमकेसी सेब मंडी की ओर जाते हुए मोटरसाइकिल नंबर HR88A-9751 को रोका। तलाशी लेने पर बाइक सवार शुभम (पुत्र ईश्वर सिंह, गांव हेतमपूरा, जिला भिवानी, हरियाणा, उम्र 29 वर्ष) व अंकित (पुत्र जगवीर, गांव बिलावल, जिला चरखी-दादरी, हरियाणा, उम्र 24 वर्ष) के कब्जे से 15.36 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
रामपुर पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ यह एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले की पुष्टि करते हुए नरेश शर्मा, उपमंडल पुलिस अधिकारी रामपुर ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कुमारसैन में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। उन्होंने आगे बताया कि मामले से जुड़ी हर कड़ी की जांच की जा रही है, और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। अन्वेषण प्रक्रिया जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्यवाही कर रही है। यदि कोई व्यक्ति नशे की खरीद-फरोख्त में संलिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
