एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सांगला में शुक्रवार को हुए भूस्खलन ने हड़कंप मचा दिया। करोड़ों रुपये की लागत से बने बस अड्डे के पास ज़मीन का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे वहां खड़ा एक ट्रक हवा में लटक गया। गनीमत रही कि कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह सांगला बस अड्डे के समीप एक बड़े क्षेत्र में भू-धंसाव हुआ। उसी समय पेटियों से लदा एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था, जो लैंडस्लाइड की चपेट में आ गया और आधा हिस्सा हवा में लटक गया। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बी.आर.ओ. और जे.एस.डब्ल्यू.के अधिकारी मौके पर मशीनों के साथ पहुंचे और ट्रक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो बस अड्डा पूरी तरह ध्वस्त हो सकता है।
ज्ञात हो कि यह बस अड्डा वर्ष 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और वर्तमान राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा जनता को समर्पित किया गया था। 2 सितम्बर को भी भारी बारिश के चलते इसी क्षेत्र में भूस्खलन हो चुका है, लेकिन 9 दिन बीतने के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं।
स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि टोंगटोंगचे नाले के पास कंक्रीट की सुरक्षा दीवार जल्द से जल्द बनाई जाए, जिससे सांगला-छितकुल सड़क मार्ग को बचाया जा सके।
